उत्तराखंड: कैलाश मानसरोवर यात्रा: आस्था और उत्साह के साथ रवाना हुआ श्रद्धालुओं का पहला जत्था, सीएम ने दिखाई हरी झंडी, ​’हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा क्षेत्र

उत्तराखंड: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज रविवार को चंपावत के टनकपुर से कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को रवाना किया।

सीएम ने दिखाई हरी झंडी

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस मौके पर सीएम ने चंपावत जिले के टनकपुर से कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले 49 श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस यात्रा के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया और टनकपुर में ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण गुंजायमान रहा। मुख्यमंत्री धामी ने तीर्थयात्रियों का रुद्राक्ष की माला और भगवान शिव का पटका पहनाकर स्वागत किया। टनकपुर में श्रद्धालुओं का स्वागत पारंपरिक छोलिया नृत्य और पुष्पवर्षा के साथ किया गया। मुख्यमंत्री ने इस यात्रा को आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताया और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

पहले जत्थे में इतने लोग शामिल

बताया कि केएमवीएन द्वारा संचालित इस यात्रा के तहत जत्था 10 जुलाई को लिपुलेख दर्रा पार करेगा और 18 जुलाई को भारत वापस लौटेगा। इस वर्ष टनकपुर मार्ग से यात्रा को अधिक सुगम बनाया गया है, जिसके लिए पिथौरागढ़ प्रशासन ने सुरक्षा और ठहरने की व्यापक तैयारियां की हैं। पहले जत्थे में 34 पुरुष और 15 महिलाएं शामिल हैं। इस समूह में आंध्र प्रदेश, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के श्रद्धालु शामिल हैं