उत्तराखंड: धामी सरकार के यह बड़े अहम फैसले: सड़क, पुल और पार्किंग के लिए इतने करोड़ मंजूर, चकबंदी को 100 करोड़ रुपये

​उत्तराखंड: प्रदेश में अवस्थापना विकास को गति देने के साथ ही जनसुविधाओं और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े प्रस्तावों पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।

की यह घोषणा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनपदों में सड़क, पुल, पार्किंग और पेयजल से जुड़ी योजनाओं के लिए 155.96 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इसके अलावा स्वैच्छिक व आंशिक चकबंदी को प्रोत्साहन देने के लिए 100 करोड़ रुपये तथा नरेंद्रनगर के एक सामुदायिक भवन का नामकरण पूर्व पालिका अध्यक्ष स्व. सोबन सिंह नेगी के नाम पर करने को भी मंजूरी दी गई है।

​मिली सौगात

• ​पार्किंग व्यवस्था: अल्मोड़ा के रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के मौलेखाल बाजार में पार्किंग निर्माण के लिए 5.91 करोड़ रुपये और चंपावत के लोहाघाट स्थित पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड में बहुस्तरीय पार्किंग व अन्य निर्माण कार्यों के लिए 9.98 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
• ​पिथौरागढ़: मूनाकोट विकासखंड के कुसेरी बैंड-सिलौनी मोटर मार्ग के सुधारीकरण को 1.99 करोड़ रुपये मिले हैं। वहीं, डीडीहाट और गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न पुलों के उच्चीकरण व निर्माण के लिए 18.50 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
• ​अन्य जनपद: उत्तरकाशी में डबल लेन पुल निर्माण के लिए 4.09 करोड़ रुपये, टिहरी के धनोल्टी क्षेत्र में लालूरी-घियाकोटी-क्यार्दा की चाली मोटर मार्ग के लिए 1.76 करोड़ रुपये और पौड़ी के चौबट्टाखाल क्षेत्र में कोट मल्ला-कोट तल्ला-कंडिया-कुलासु-रीठाखाल मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण के लिए 3.76 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं।
• देहरादून और हरिद्वार में अधिक पेयजल खपत वाले वार्डों में घरेलू यांत्रिक वाटर मीटर लगाने के प्रस्ताव को भी हरी झंडी मिली है। इसके लिए देहरादून को 3.49 करोड़ रुपये और हरिद्वार को 4.64 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
• प्रदेश में स्वैच्छिक एवं आंशिक चकबंदी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य आकस्मिकता निधि से 100 करोड़ रुपये स्वीकृत करने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की है।
• नरेंद्रनगर नगर पालिका परिसर स्थित सामुदायिक भवन का नामकरण पूर्व पालिका अध्यक्ष स्व. सोबन सिंह नेगी के नाम पर किए जाने के प्रस्ताव को भी मुख्यमंत्री की स्वीकृति मिल गई है।