उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड के रूद्रपुर के एसआई कृष्ण चंद्र आर्य को केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक से सम्मानित किया जाएगा।
किया जाएगा सम्मानित
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एसआई कृष्ण चंद्र आर्य को केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक से सम्मानित किया जाएगा। इस संबंध में एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि 29 दिसंबर 2021 को नानकमत्ता निवासी ज्वैलर्स अजय रस्तोगी उर्फ अंकित रस्तोगी के साथ ही उदित रस्तोगी, आशा देवी एवं सन्नो देवी की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या के बाद पुलिस जांच में जुट गई थी। तब तत्कालीन थानाध्यक्ष नानकमत्ता एसआई कृष्ण चंद्र आर्य ने विवेचना करते हुए सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय खुफिया नेटवर्क के माध्यम से आरोपितों की पहचान की। साथ ही मुख्य हत्यारोपित रानू रस्तोगी के साथ ही उनके अन्य साथी विवेक वर्मा, मुकेश शर्मा उर्फ राहुल और सचिन सक्सेना को गिरफ्तार किया। चार लोगों की हत्या का पर्दाफाश और उसकी विवेचना कर आरोपितों को आजीवन कारावास की सजा दिलाने में एसआई कृष्ण चंद्र आर्य ने अहम भूमिका निभाई थी। जिसे देखते हुए एसआई कृष्ण चंद्र आर्य को केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक से सम्मानित किया जाएगा।